दहेज मृत्यु मामले में कोल्हुई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन वांछित आरोपी गिरफ्तार
पिता, पुत्र और महिला आरोपी को पुलिस ने दबोचा, न्यायालय में किया पेश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। दहेज मृत्यु के मामले में फरार चल रहे आरोपितों के खिलाफ महराजगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत थाना कोल्हुई पुलिस ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा और थानाध्यक्ष कोल्हुई कुंवर गौरव सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए ग्राम मैनहवा टोला मंझरिया, थाना कोल्हुई निवासी राधेश्याम (45 वर्ष), उनके पुत्र विशाल कुमार (22 वर्ष) तथा आरती (42 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
तीनों आरोपित थाना कोल्हुई में दर्ज मु.अ.सं. 106/2026 में वांछित थे। इनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2)/85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए तीनों अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा के लिए संबंधित न्यायालय में पेश कर दिया।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजीव कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी अखिलेश कुमार सिंह, आरक्षी संतोष कुमार सक्सेना तथा महिला आरक्षी शशि यादव शामिल रहीं।




