राष्ट्रीय जल मिशन के तहत नगर पालिका में दिलाई गई जल संरक्षण की शपथ, जल बचाने का लिया संकल्प

महराजगंज।(न्यूज पैच)। राष्ट्रीय जल मिशन के अंतर्गत जल संरक्षण एवं जल संवर्धन को जनआंदोलन बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद महराजगंज में गुरुवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्रा ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित नागरिकों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने तथा जल की प्रत्येक बूंद को बचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने कहा कि “जल ही जीवन का आधार है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है।” उन्होंने कहा कि बढ़ते जल संकट को देखते हुए सभी को जल के प्रति संवेदनशील बनना होगा। यदि आज से ही जल संरक्षण के प्रभावी उपाय नहीं अपनाए गए तो भविष्य में गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय जल मिशन का उद्देश्य केवल जल बचाने का संदेश देना नहीं, बल्कि समाज में जल संरक्षण की स्थायी संस्कृति विकसित करना है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने दैनिक जीवन में अनावश्यक जल की बर्बादी रोकने, वर्षा जल संचयन को अपनाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने यह भी संकल्प लिया कि वे अपने घरों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर जल के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देंगे तथा जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता में सक्रिय योगदान देंगे। कार्यक्रम में जल संरक्षण से जुड़े विभिन्न उपायों पर भी चर्चा की गई और लोगों को पर्यावरण संरक्षण में जल की महत्ता के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में प्रधान लिपिक बैकुंठनाथ यादव, सभासद लालजी गुप्ता, जितेंद्र कनौजिया, राहुल पांडेय, ब्रजकिशोर सिंह, ऋषिकेश पटेल, दीपक कुमार, अवर अभियंता देवेंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम, स्वच्छ भारत मिशन के प्रोजेक्ट एनालिस्ट अभय कुमार गुप्ता, मिशन प्रभारी इंद्रेश कुमार, लिपिक कृष्ण मणि पटेल, इम्तियाज़ खान, संदीप सहानी, इंद्राशन, ओमप्रकाश लाल, मुकेश भारती सहित नगर पालिका परिषद के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने जल संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प दोहराया।




