पुलिस, एसएसबी और आबकारी की संयुक्त कार्रवाई, 60 शीशी नेपाली शराब बरामद
सीमा क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी पर शिकंजा, आबकारी अधिनियम में दर्ज हुआ मुकदमा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बरगदवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुखबिर की सूचना पर थाना बरगदवा पुलिस, एसएसबी और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 60 शीशी नेपाली शराब के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर सूचना पर हुई कार्रवाईभारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में शराब तस्करी रोकने के लिए पुलिस, एसएसबी और आबकारी विभाग लगातार संयुक्त चेकिंग कर रहे हैं। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिली कि सिहाभार गांव का एक व्यक्ति नेपाली शराब लेकर बिक्री के लिए निकला है।सूचना पर तत्काल थाना बरगदवा पुलिस, एसएसबी जवानों और आबकारी विभाग की टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 60 शीशी नेपाली शराब बरामद हुई। बरामद शराब भारत में बिक्री के लिए प्रतिबंधित है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पूर्णवासी, निवासी सिहाभार, थाना बरगदवा, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह सस्ते दाम पर नेपाल से शराब लाकर सीमावर्ती गांवों में ऊंचे दाम पर बेचता था।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि सीमा क्षेत्र में एसएसबी और आबकारी विभाग के साथ समन्वय कर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति इस अवैध कारोबार में लिप्त पाया जाएगा उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और उसकी संपत्ति भी जब्त की जाएगी।




