स्थापना दिवस पर रामायण पाठ, हवन, आरती व महाप्रसाद के साथ संपन्न हुए धार्मिक आयोजन

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद में मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। धनेवा-धनई स्थित सुकठिया हनुमान मंदिर में स्थापना दिवस के अवसर पर श्री हनुमान जी रामायण पाठ, हवन, आरती एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, वहीं नगर के सक्सेना तिराहे पर सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने पारंपरिक रूप से हनुमान पूजा कर श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया।
सुकठिया हनुमान मंदिर में कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से श्रीरामचरितमानस के पाठ के साथ हुआ। इसके उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन एवं पूजन संपन्न कराया गया। दोपहर मे आयोजित आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्रीराम एवं बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद आयोजित विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजनकर्ता सुशील कुमार श्रीवास्तव ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना करते हुए सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसी क्रम में नगर के सक्सेना तिराहे पर सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया द्वारा विगत कई वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत विधि-विधान से बजरंगबली का पूजन-अर्चन किया गया। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि भगवान हनुमान की पूजा से व्यक्ति के जीवन के समस्त कष्ट दूर होते हैं तथा आत्मबल, साहस और सकारात्मक ऊर्जा की प्राप्ति होती है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, एकता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने लोगों से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल,भाजपा नेता प्रेम शंकर सिंह, गणेश पांडेय, इफ्तिखार टुनटुन, भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमंत गुप्ता, टाइगर तिवारी, संजीव शुक्ला, राधेश्याम गुप्ता, गोविंद जायसवाल, राम नारायण निगम, राम नारायण गुप्ता, सत्यनारायण गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




