
महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की उपस्थिति में आज विकास खंड सदर के ग्राम सोनरा में क्रॉप कटिंग प्रयोग का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान रेंडम (Random) विधि से चयनित कृषक धर्मेंद्र गौड़ के खेत में सांख्यिकीय विधि से क्रॉप कटिंग प्रयोग संपादित किया गया। निर्धारित माप के अनुसार 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में कटाई की गई फसल उत्पाद 14.900 किलोग्राम पाया गया। इस प्रक्रिया में फसल की पैदावार का वैज्ञानिक आकलन भी किया गया ताकि जनपद में कृषि उत्पादन और उत्पादकता के सटीक आंकड़े तैयार किए जा सकें। जिलाधिकारी ने कहा कि क्रॉप कटिंग प्रयोग कृषि आंकलन की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से जिले की औसत उपज का निर्धारण किया जाता है। इन आंकड़ों के आधार पर कृषि उत्पादन के साथ-साथ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल क्षति का उचित भुगतान भी किया जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी ब्लॉकों में क्रॉप कटिंग प्रयोग पारदर्शिता एवं वैज्ञानिक पद्धति से समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं, ताकि कृषकों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित किसानों से संवाद कर उन्हें उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मौसम और प्राकृतिक आपदाओं से फसल को होने वाले नुकसान की स्थिति में बीमा योजना किसानों के लिए सुरक्षा कवच का कार्य करती है। साथ ही किसानों को फॉर्मर रजिस्ट्री कराने के लिए कहा ताकि कृषि योजनाओं का लाभ अनवरत प्राप्त होता रहे।
क्रॉप कटिंग के दौरान दौरान उपजिलाधिकारी सदर श्री जितेंद्र कुमार, सांख्यिकी अधिकारी श्री भूपेंद्र गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।




