
महराजगंज l (न्यूज पैच)। जनपद के नवागत पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने ताबड़तोड़ थाना कोतवाली, घुघली व कोठीभार का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के प्रयासों की सराहना की गई, साथ ही इसे निरंतर बनाए रखने हेतु कोतवाली प्रभारी और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए।

अभिलेखों में पूर्णता और नियमित अद्यतन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। थाने पर लंबित प्रार्थना पत्रों और प्रकरणों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कोतवाली प्रभारी और कर्मचारियों को *जनता की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया। विशेष रूप से, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मियों को सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री अवस्थी ने कहा कि थाना स्तर पर पुलिसिंग की गुणवत्ता जनता के विश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान हो, ताकि जनता को त्वरित न्याय मिल सके l
इसी क्रम में जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा भारी पुलिस बल के साथ थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत कस्बा सदर के भीड़-भाड़ एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त की गई। पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बाजार, मुख्य मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों एवं आम नागरिकों से संवाद स्थापित किया।
इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उन्हें आश्वस्त किया कि जनपद में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था को भंग करने, अराजकता फैलाने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गश्त के दौरान मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता के साथ गश्त करते रहें तथा जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करें, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हो सके। पुलिस की इस सक्रिय पहल से क्षेत्रीय नागरिकों में विश्वास का वातावरण बना और लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उपस्थित रहे।




