
महराजगंज। (न्यूज पैच)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने रविवार को अपने महराजगंज स्थित आवास पर नव निर्वाचित जिला पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक की। बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को उनके दायित्वों का बोध कराते हुए कहा कि संगठन में पद केवल सम्मान नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का प्रतीक होता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, समर्पण और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और पार्टी की नीतियों व सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें।
पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की मजबूती उसकी संगठनात्मक संरचना और कार्यकर्ताओं के समर्पण में निहित है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से जनता के बीच रहें, उनकी समस्याओं को सुनें और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बैठक में संगठनात्मक समन्वय, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा रणनीतियों पर भी चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष ने आपसी तालमेल और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
इस दौरान जिलाध्यक्ष संजय पांडेय सहित नव निर्वाचित पदाधिकारी—जिला उपाध्यक्ष शैलेश पाण्डेय, गौतम चौधरी, सरोज पाण्डेय, फरीदा इरम, अजय श्रीवास्त, अशोक तिवारी, संतोष सिंह, प्रदीप उपाध्याय, जिला महामंत्री राजेश यादव, प्रभाकर दुबे, अश्विनी सिंह उर्फ मधु सिंह, जिला मंत्री सुमित्रा भारती, हरिवंश साहनी, बैजनाथ पटेल, ठाकुर रौनियार, दिनेश जायसवाल, विष्णु देव चौरसिया, बाबू नन्दन शर्मा तथा जिला कोषाध्यक्ष आकाश गुप्ता मौजूद रहे।




