महराजगंज पुलिस संचार व्यवस्था होगी और मजबूत, कोल्हुई में बनेगा अतिरिक्त कंट्रोल रूम

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद की कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा पुलिस बल के बीच त्वरित एवं निर्बाध संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए महराजगंज पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में थाना कोल्हुई परिसर में अतिरिक्त ग्रिड (कंट्रोल रूम) संचार केंद्र स्थापित किया जा रहा है। यह संचार केंद्र 24×7 संचालित होगा।
अतिरिक्त ग्रिड के माध्यम से फरेन्दा और नौतनवा सर्किल के क्षेत्राधिकारी कार्यालयों, थानों, चौकियों और फायर स्टेशन के आरटी सेट को आपस में बेहतर ढंग से जोड़ा जाएगा। इसके तहत फरेन्दा, पुरन्दरपुर, बृजमनगंज, कोल्हुई, नौतनवा, सोनौली, परसामलिक और बरगदवा थानों के साथ संबंधित पुलिस चौकियों एवं फायर स्टेशन की संचार व्यवस्था को समन्वित किया जाएगा।
सीमावर्ती क्षेत्र में त्वरित संचार पर जोर
नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा और बिहार की अंतर्राज्यीय सीमा से लगे महराजगंज की भौगोलिक एवं सामरिक स्थिति को देखते हुए पुलिस संचार व्यवस्था को मजबूत करना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों के शैडो एरिया और आकस्मिक परिस्थितियों में पुलिस बल के बीच स्पष्ट एवं निर्बाध संचार व्यवस्था से त्वरित कार्रवाई में मदद मिलेगी।
जनपद के भौगोलिक रूप से विस्तृत होने के कारण वर्तमान में विभिन्न थानों, चौकियों, फायर स्टेशन तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के मोबाइल और हैंड हेल्ड आरटी सेट सहित संचार माध्यम जनपदीय नियंत्रण कक्ष ग्रिड से नियंत्रित किए जा रहे हैं। बढ़ते संचार भार को देखते हुए अतिरिक्त ग्रिड की स्थापना से नेटवर्क को विकेंद्रीकृत किया जा सकेगा।
घटनाओं पर तेजी से पहुंचेगी पुलिस
अतिरिक्त ग्रिड के संचालन से दुर्घटना, चोरी, विवाद, विरोध-प्रदर्शन और अन्य कानून-व्यवस्था संबंधी घटनाओं की सूचना संबंधित पुलिस बल एवं गश्ती टीमों तक तत्काल पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे पुलिस की रिस्पॉन्स टाइम बेहतर होने की उम्मीद है।
इसके अलावा मुख्य रेडियो ग्रिड पर संचार का दबाव कम होगा और रेडियो ट्रैफिक का बेहतर वितरण हो सकेगा। थाना, चौकी, गश्ती वाहनों और फायर स्टेशन के बीच सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान होने से पुलिस टीमों के बीच समन्वय भी मजबूत होगा।
आपात स्थिति, बड़ी दुर्घटना, भीड़ नियंत्रण या सीमा क्षेत्र में किसी आकस्मिक परिस्थिति के दौरान संबंधित अधिकारियों और पुलिस टीमों तक सूचना तेजी से पहुंचाने में भी यह व्यवस्था सहायक होगी।
महराजगंज पुलिस के अनुसार, अतिरिक्त ग्रिड स्थापित करने का उद्देश्य केवल वायरलेस संचार का विस्तार करना नहीं, बल्कि त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया, बेहतर समन्वय और कानून-व्यवस्था के प्रभावी प्रबंधन को और मजबूत करना है।




