महराजगंज में बदला स्कूलों का समय, अब सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक संचालित होंगे विद्यालय

महराजगंज।(न्यूज पैच)। बढ़ती गर्मी और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, महराजगंज ने जनपद के कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन का आदेश जारी किया है। यह आदेश जिलाधिकारी के निर्देश पर जारी किया गया है।
जारी कार्यालय आदेश के अनुसार जनपद के सभी परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य बोर्डों से मान्यता प्राप्त हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय अब प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक संचालित होंगे। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह ने सभी विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित समय के अनुसार विद्यालय में उपस्थित होकर नियमित रूप से शिक्षण कार्य एवं अन्य शैक्षणिक दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
यह आदेश जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया है, ताकि सभी विद्यालयों में एक समान समय-सारिणी लागू कर विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।




