खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, विभिन्न प्रतिष्ठानों से छह खाद्य नमूने लिए गए
अचार, जैम, कैचप और चटनी की गुणवत्ता जांच के लिए भेजे गए सैंपल

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।
अभियान के दौरान फरेंदा रोड स्थित विष्णु इंटरप्राइजेज पर खाद्य सुरक्षा टीम ने जांच की कार्रवाई करते हुए मिक्स्ड अचार एवं मिक्स्ड फ्रूट जैम (पतंजलि ब्रांड) के नमूने संग्रहित किए। इसके बाद अन्नपूर्णा सुपर मार्ट का निरीक्षण कर वहां से मिक्स्ड अचार (वाटिका ब्रांड) तथा टोमैटो कैचप (वीबा ब्रांड) के नमूने लिए गए।
इसी क्रम में सिसवा बाजार स्थित गोपाल ब्रदर्स प्रतिष्ठान का भी निरीक्षण किया गया, जहां से आम अचार एवं सेजवान चटनी के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार अभियान के दौरान कुल छह खाद्य नमूने एकत्र किए गए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। खाद्य पदार्थों में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, हिमांशु जयंत एवं पवन गौड़ शामिल रहे।




