डी एम ने किया अनंतपुर बड़हरा व जर्दी डोमरा बांध का निरीक्षण
अनंतपुर बड़हरा और जर्दी डोमरा तटबंध पर बाढ़ निरोधक कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद में आगामी मानसून और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने रविवार को तहसील सदर क्षेत्र स्थित अनंतपुर बड़हरा एवं जर्दी डोमरा तटबंध का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ निरोधक कार्यों और तटबंधों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तटबंधों पर चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। अनंतपुर बड़हरा तटबंध के निरीक्षण के दौरान सिंचाई खंड द्वितीय के एसडीओ ने बताया कि नदी के ठोकर स्थलों पर जियो बैग एवं जियो ट्यूब लगाकर कटान निरोधक कार्य पूरा कर लिया गया है। साथ ही तटबंधों पर स्थापित रेगुलेटरों की मरम्मत एवं क्षतिग्रस्त स्लोपों के सुदृढ़ीकरण का कार्य भी जारी है।
जिलाधिकारी ने अनंतपुर बड़हरा तटबंध की ऊंचाई बढ़ाने की संभावनाओं को लेकर सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि सर्वे में तटबंध की ऊंचाई बढ़ाने की आवश्यकता सामने आती है तो उसका प्रस्ताव शासन को भेजा जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून शुरू होने से पहले सभी बाढ़ सुरक्षा एवं तटबंध संरक्षण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि तटबंधों पर रैट होल, रेन कट, दरार, कटान संभावित स्थलों एवं अन्य कमजोर बिंदुओं का तत्काल सर्वे कर प्रभावी मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी की जाए तथा बाढ़ राहत कार्यों से संबंधित आवश्यक सामग्री जैसे बोल्डर, बालू की बोरियां, वायर क्रेट एवं अन्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती तथा आपातकालीन कार्ययोजना को अद्यतन रखा जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
तहसीलदार सदर को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि तटबंधों के निकटवर्ती गांवों में नावों और नाविकों की सूची तैयार कर उन्हें पहले से संवेदनशील किया जाए। साथ ही बाढ़ चौकियों को भी समय रहते सक्रिय करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर पंकज शाही, नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव, सिंचाई खंड द्वितीय के एसडीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन की सक्रियता को देखते हुए माना जा रहा है कि इस बार मानसून और संभावित बाढ़ से निपटने के लिए जिला प्रशासन पहले से अधिक तैयारी के साथ मैदान में उतर चुका है।




