बकरीद पर्व व बाढ आपदा को लेकर एसपी ने की बैठक, अपराधियों के विरुद्ध कार्यवाही व संवेदनशील क्षेत्रो मे सतर्कता बरतने के दिए निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने पुलिस कार्यालय में अधिकारियों संग की अपराध गोष्ठी, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।एसपी ने लंबित विवेचनाओं, अनावरण शेष मामलों और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने व आईजीआरएस व जनसुनवाई प्रकरणों में थानाध्यक्षों को स्वयं जांच कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण व बेहतर फीडबैक सुनिश्चित करने पर जोर दिया।आगामी त्यौहार बकरीद एवं बाढ़ आपदा से निपटने एव वाहन चालान के दौरान जनता से सद्वभावनापूर्वक पेश आने के दिये निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध गोष्ठी आयोजित कर कानून व्यवस्था, आगामी बकरीद त्यौहार एवं बाढ़ आपदा की तैयारियों की समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराध नियंत्रण, सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया। इस दौरान भारतीय दंड संहिता व बीएनएस के अंतर्गत दर्ज अपराधों, महिला उत्पीड़न, अनुसूचित जाति/जनजाति से संबंधित अपराधों तथा निरोधात्मक कार्रवाई की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने अपराधों के गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने यक्ष ऐप्प, ई-साक्ष्य, एसआईडी तथा ऑपरेशन क्लीन की समीक्षा की। अनावरण हेतु शेष अभियोगों की स्थिति पर चर्चा करते हुए थानाध्यक्षों को तेजी लाने के निर्देश दिए गए। थानों पर लंबित विवेचनाओं, वांछित अभियुक्तों, पुरस्कार घोषित अपराधियों व वारंटियों की गिरफ्तारी, शिकायती प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। पूर्व से लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, अपहृत/अपहृता की बरामदगी, गुमशुदा बच्चों की शेष बरामदगी, मिशन मोड पर चिन्हित अभियोगों में की गई कार्रवाई की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा हुई।
इसके अतिरिक्त,महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति, महिला सशक्तिकरण को और बेहतर बनाने के भी निर्देश दिए गए। रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग, तथा साइबर अपराधों की रोकथाम हेतु सर्विलांस टीम को विशेष दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि आगामी बकरीद त्यौहार को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु प्रत्येक थाना स्तर पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर स्थानीय लोगों की समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए तथा त्यौहार के दृष्टिगत लगातार चेकिंग एवं निगरानी रखी जाए।
आगामी बाढ़ की संभावनाओं को देखते हुए समस्त आपदा पुलिस चौकियों को पूर्ण रूप से सक्रिय रखने, क्षेत्रवार गोताखोर, नाव, जेसीबी, ट्रक एवं ट्रैक्टर आदि संसाधनों की सूची उपलब्ध रखने तथा आपदा के समय तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आपदा सहायता मित्रों की सूची को अपडेट कर सभी को सक्रिय करने एवं आवश्यकतानुसार उनका सहयोग लेने हेतु निर्देशित किया गया।
आईजीआरएस के प्रभावी निस्तारण और शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करने पर विशेष बल देते हुए पुलिस अधीक्षक ने लंबित अनावरणों में तेजी लाने, जनसुनवाई में लापरवाही दूर करने, चौकी व हल्का प्रभारियों की दैनिक समीक्षा करने, संदिग्ध होटलों व प्रतिष्ठानों की जांच तथा खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराने के भी निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस कर्मियों के कल्याण एवं पुलिस वेलफेयर से संबंधित विषयों की भी समीक्षा करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं बेहतर कार्य वातावरण बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपराध गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, समस्त प्रभारी निरीक्षक व थानाध्यक्ष, प्रभारी स्वाट, एसओजी एवं सर्विलांस टीम, सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
सुनील कुमार श्रीवास्तव




