आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती: दलालों से रहें सावधान, मेरिट में नहीं हो सकता कोई बदलाव

महराजगंज।(न्यूज पैच)। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत चल रही आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती प्रक्रिया को लेकर जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सतर्क किया है। विभाग को सूचना मिली है कि कुछ अराजक तत्व अभ्यर्थियों को पैसे के बदले नियुक्ति दिलाने या किसी की नियुक्ति निरस्त कराने का झूठा दावा कर रहे हैं। इस पर स्थिति स्पष्ट करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) ने कहा है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और किसी के झांसे में आने की जरूरत नहीं है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि आंगनबाड़ी सहायिका की नियुक्ति प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में है। सभी अभ्यर्थियों की मेरिट पहले ही विभागीय पोर्टल पर दर्ज की जा चुकी है। निर्धारित नियमों के तहत पोर्टल पर एक बार दर्ज हो चुकी मेरिट में किसी भी स्तर पर कोई परिवर्तन या संशोधन संभव नहीं है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति द्वारा नियुक्ति कराने या निरस्त कराने का दावा करना पूरी तरह निराधार और भ्रामक है।
धनराशि मांगने वालों की तत्काल करें शिकायत
विभाग ने सभी अभ्यर्थियों को आगाह किया है कि वे किसी भी बिचौलिए या अराजक तत्व के बहकावे में न आएं और नियुक्ति के नाम पर किसी को भी नकद या ऑनलाइन माध्यम से कोई धनराशि न दें। डीपीओ ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति भर्ती के नाम पर पैसे की मांग करता है या अनुचित लाभ दिलाने का प्रलोभन देता है, तो उसके झांसे में आने के बजाय तत्काल इसकी सूचना जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय को दें, ताकि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।




