मतदाता जागरूकता की कमान संभालेंगे अमित अंजन, बने महराजगंज के स्वीप आइकॉन

महराजगंज।(न्यूज पैच)। आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान और 2027 के विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार, जिला निर्वाचन अधिकारी (जिलाधिकारी) ने प्रसिद्ध गायक एवं उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के सदस्य अमित अंजन को महराजगंज जिले का ‘स्वीप (SVEEP) आइकॉन’ नियुक्त किया है। वे संगीत, कला और साहित्य के माध्यम से आम मतदाताओं को वोट डालने के लिए प्रेरित करेंगे।
इस नई जिम्मेदारी पर खुशी जाहिर करते हुए अमित अंजन ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा दिया गया यह दायित्व उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि पिछले चुनावों में भी उन्होंने जिला प्रशासन के साथ मिलकर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया था। उनके ऑडियो और वीडियो संदेशों का व्यापक असर हुआ था, जिसके परिणामस्वरूप महराजगंज ने अंतिम चरण में सर्वाधिक मतदान प्रतिशत का कीर्तिमान स्थापित किया था। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें पूर्व में सम्मानित भी किया जा चुका है।
अंजन ने कहा कि लोक कलाएं, संगीत, नाटक और नृत्य समाज को एक सूत्र में पिरोने की ताकत रखते हैं। इसी माध्यम से आगामी चुनावों में भी महराजगंज को मतदान के मामले में शीर्ष पर रखने का प्रयास किया जाएगा। इसके तहत नए जागरूकता गीतों, वीडियो और नुक्कड़ नाटकों की तैयारी शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन की स्वीकृति मिलते ही इन्हें सार्वजनिक रूप से जारी किया जाएगा।
उन्होंने नवागत जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रशासन और आम जनता मिलकर शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को जरूर हासिल करेंगे। अमित अंजन की इस उपलब्धि पर जिले के साहित्यकारों, कलाकारों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई दी है।




