नुक्कड़ नाटक से सड़क सुरक्षा का संदेश, नियम तोड़ने पर 155 वाहनों के चालान

महराजगंज।(न्यूज पैच)। सड़क सुरक्षा अभियान के पांचवें दिन जिले के प्रमुख चौराहों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। नाटक में यमराज के किरदार ने युवाओं को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
इस दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी और यात्री/मालकर अधिकारी की टीम ने प्रवर्तन अभियान चलाकर करीब 155 चालान किए। इनमें बिना हेलमेट के 95, बिना सीट बेल्ट के 15, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने पर नौ और ओवरस्पीडिंग के 11 चालान शामिल हैं। शेष चालान अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर किए गए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सभी यात्रियों को सीट बेल्ट लगानी चाहिए। वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग और तेज रफ्तार दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन सकते हैं।
उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।




