सीएम डैशबोर्ड पर विकास योजनाओं की समीक्षा, खराब प्रदर्शन पर सीडीओ सख्त
विद्युत कटौती पर जताई नाराजगी, ओडीओपी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और जल निगम ग्रामीण को सुधार के निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने सीएम डैशबोर्ड पर विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभागवार कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों को सुधार की हिदायत दी।
समीक्षा बैठक में कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, नेडा, पर्यटन, पिछड़ा वर्ग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, उद्यान और मत्स्य सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। सीडीओ ने सभी विभागों को लक्ष्य के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध ढंग से काम करने को कहा। उन्होंने फैमिली आईडी निर्माण अभियान को मिशन मोड में चलाने के निर्देश भी दिए।
विद्युत कटौती पर जताई नाराजगी
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने बिजली कटौती को लेकर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित रोस्टर के बाद केवल अपरिहार्य परिस्थितियों में ही बिजली कटौती की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
योजनाओं की रैंकिंग सुधारने पर जोर
सीडीओ ने एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के प्रदर्शन में सुधार लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा जल निगम ग्रामीण और आईसीडीएस को भी अपनी प्रगति बेहतर करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभाग योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं, ताकि विकास कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े और जनपद की रैंकिंग में गिरावट न आए। उन्होंने कहा कि योजनाओं में सी और डी श्रेणी का प्रदर्शन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
बैठक में डीएसटीओ निरंकार, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, सहायक पर्यटक अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला पंचायतराज अधिकारी श्रेया मिश्रा, जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी कन्हैया यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




