सदर और मिठौरा में ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम का समापन, पात्र लाभार्थियों को वितरित की गई सामग्री
सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न विभागों ने लगाए स्टाल, ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ की दी गई जानकारी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सदर और मिठौरा विकास खंड सभागार में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम का समापन हुआ। दोनों विकास खंडों में आयोजित कार्यक्रमों का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का विधायक ने निरीक्षण किया और अधिकारियों से सरकारी योजनाओं की प्रगति तथा पात्र लाभार्थियों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली। इस अवसर पर पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत आवश्यक सामग्री भी वितरित की गई।
विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि सेवा सेतु सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने और यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि जरूरतमंदों को उनका वास्तविक लाभ मिले।
भाजपा के जिला उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों को पक्का आवास, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा, किसान सम्मान निधि, हर घर नल से जल, स्वच्छ भारत मिशन और जनधन योजना जैसी योजनाओं से आमजन को लाभ मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, कानून व्यवस्था और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया।
अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री कुर्सेड अंसारी ने कहा कि सेवा सेतु कार्यक्रम के दौरान प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
परियोजना निदेशक राम दरश ने बताया कि सेवा सेतु के माध्यम से विभिन्न विभागों को एक मंच पर लाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इससे पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जुड़ने में सहूलियत मिली है।
प्रमुख प्रतिनिधि इंजीनियर विवेक गुप्ता ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ जरूरतमंदों की सहायता करना है। वहीं, प्रमुख प्रतिनिधि राम हरख गुप्ता ने कहा कि एक ही स्थान पर कई विभागों की योजनाओं की जानकारी और आवेदन की सुविधा मिलने से ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों पर ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से संबंधित सामग्री वितरित की गई।
इस अवसर पर प्रधान अनिल जोशी, मंडल अध्यक्ष अशोक पटेल, मनीष वर्मा, प्रधान रघुनाथ पटेल, सरदार राव, दिलीप पटेल, ग्राम विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, चंद्र प्रकाश गुप्ता, गिरधारी गुप्ता, करुणेश गुप्ता, अशोक विश्वकर्मा, जयहिंद चौधरी और सुनील पटेल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




