बच्चों के चेहरे पर खिली मुस्कान, रोटरी क्लब ने बांटे स्कूल बैग व स्टेशनरी
100 विद्यार्थियों को मिले बैग, कॉपी-पेन सहित आवश्यक शैक्षणिक सामग्री

महराजगंज।(न्यूज पैच)। शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं, बल्कि आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता भी बच्चों के सीखने के उत्साह को बढ़ाती है। इसी उद्देश्य के साथ रोटरी क्लब महराजगंज की ओर से पूर्व माध्यमिक विद्यालय बैजनाथपुर कला कम्पोजिट सदर में सेवा एवं शिक्षा सहयोग साक्षरता किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के 100 विद्यार्थियों को स्कूल बैग, कॉपी, पेन, पेंसिल, रबर, कटर, स्केल सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम में बच्चों को शैक्षणिक सामग्री मिलने पर उनके चेहरों पर उत्साह और खुशी दिखाई दी। रोटरी क्लब के सदस्यों ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
साक्षरता किट वितरण कार्यक्रम के संयोजक रोटरी क्लब के कोषाध्यक्ष पंकज मौर्या ने कुशल संचालन किया।
रोटरी क्लब के सचिव आत्माराम गुप्त ने कहा कि क्लब द्वारा प्रत्येक माह सेवा कार्यों को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न सामाजिक एवं जनोपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा से जुड़ी छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करना समाज के लिए बड़ा योगदान बन सकता है। इसी सोच के साथ विद्यालय के विद्यार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप स्कूल बैग और शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
क्लब के अध्यक्ष एडवोकेट हमीदुल्लाह खान ने कहा कि रोटरी क्लब का प्रयास है कि सेवा कार्य केवल सामग्री वितरण तक सीमित न रहें, बल्कि बच्चों में शिक्षा, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा भी पैदा करें।उन्होंने कहा कि यदि समाज के विभिन्न वर्ग मिलकर बच्चों की शिक्षा में सहयोग करें तो संसाधनों के अभाव में किसी बच्चे की प्रतिभा और सपने प्रभावित नहीं होंगे।
रोटरी क्लब के संस्थापक अध्यक्ष विंध्यवासिनी सिंह ने कहा कि किसी भी समाज की मजबूत नींव उसकी नई पीढ़ी की शिक्षा से तैयार होती है। बच्चों को शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना उनके भविष्य में सहयोग करने जैसा है।
विद्यालय परिवार की ओर विद्यालय के प्राचार्य दिनेश कुमार,उप प्राचार्य अखिलेश कुमार शिक्षक रजत गुप्त ,अभिषेक पटेल,रामजतन चौरसिया,विंध्यवासिनी पटेल ,रीता कुमारी ने रोटरी क्लब के इस प्रयास के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को शिक्षा के महत्व, नियमित अध्ययन और अनुशासन के प्रति भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब के वरिष्ठ सदस्य महेंद्र प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष विजय सिंह संत, मोहम्मद सैफुल्लाह, डॉ. एस. जेड. आबदीन, क्षेत्रीय सचिव देवेश कुमार पांडे, संतोष कुमार सत्यार्थी, नवनीत मणि त्रिपाठी सहित अन्य रोटेरियन सदस्य उपस्थित रहे।




