मिशन रोजगार के तहत महराजगंज में 18 नवचयनित अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र
होम्योपैथिक फार्मासिस्ट और एक्स-रे टेक्नीशियन पद पर हुआ चयन, कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ कार्यक्रम

महराजगंज।(न्यूज पैच)। मिशन रोजगार के तहत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से विभिन्न विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण महराजगंज के कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नवनियुक्त अभ्यर्थियों ने कार्यक्रम देखा। प्रदेश स्तर पर इस चरण में 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
इसी क्रम में महराजगंज में आयुष विभाग के होम्योपैथिक फार्मासिस्ट पद पर चयनित 9 अभ्यर्थियों और चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में एक्स-रे टेक्नीशियन पद पर चयनित 9 अभ्यर्थियों को पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
नियुक्ति पत्र मिलने के बाद अभ्यर्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। विधायक ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा में चयन के बाद उन्हें अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करना चाहिए तथा अपने कार्यों के माध्यम से जनसेवा में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रियाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से अपनी जिम्मेदारियों का पूरी कर्तव्यपरायणता के साथ निर्वहन करने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश कुमार द्विवेदी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।




