स्पेल बी प्रतियोगिता में कलाम सदन ने मारी बाजी
द पैरामाउंट अकादमी में कक्षा 6 से 9 के विद्यार्थियों ने दिखाई शब्द-ज्ञान और आत्मविश्वास की प्रतिभा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। द पैरामाउंट अकादमी में सत्र 2026-27 के अंतर्गत कक्षा 6 से 9 के विद्यार्थियों के लिए स्पेल बी प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की वर्तनी, शब्द-ज्ञान, उच्चारण, एकाग्रता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना रहा।
प्रतियोगिता में विद्यालय के चार सदनों टैगोर, कलाम, कोलंबस और बोस के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न चरणों में विद्यार्थियों ने शब्दों की सही वर्तनी और उच्चारण के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और अपनी-अपनी टीम के लिए अंक जुटाए।
प्रतियोगिता में कलाम सदन ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी। कोलंबस सदन दूसरे और टैगोर सदन तीसरे स्थान पर रहा। बोस सदन के विद्यार्थियों ने भी उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए सराहनीय प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में टैगोर सदन से साची पटेल, अनुज, अमृता पटेल और राधा रानी, कलाम सदन से आदर्श पटेल, रोशनी श्रीवास्तव, विभाष और आदित्य वर्मा, कोलंबस सदन से श्रेया अग्निहोत्री, उत्कर्ष राज, उत्सव गुप्ता और अमन पांडे तथा बोस सदन से जोया खातून, आरव राज पांडे, अरव और अंकित ने प्रतिभाग किया।
‘निरंतर सीखना ही सच्ची सफलता’
विद्यालय की प्रधानाचार्या नेहा सिंघानिया ने विजेता और प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीत खुशी की बात है, लेकिन निरंतर सीखते रहना और प्रयास करते रहना ही वास्तविक सफलता है। उन्होंने विद्यार्थियों से हार-जीत से ऊपर उठकर अपने प्रयासों पर विश्वास रखने और प्रत्येक अवसर का उपयोग स्वयं को बेहतर बनाने के लिए करने का आह्वान किया।
स्पेल बी प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा से भरपूर अनुभव रही। विद्यालय परिवार ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




