Uncategorized

नगर पालिका बोर्ड की बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर

मेधावी छात्रों का सम्मान 3 सितंबर को, गृहकर-जलकर पर ब्याज/अधिभार माफी; 2026-27 में समय पर भुगतान पर 10 प्रतिशत छूट

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर पालिका परिषद महराजगंज की बोर्ड बैठक गुरुवार को अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। राष्ट्रगान के बाद पिछली बैठक की कार्यवाही प्रधान लिपिक बैकुण्ठनाथ यादव ने अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार की मौजूदगी में सदन के सामने पढ़कर सुनाई। सदस्यों ने पिछली कार्यवाही की सर्वसम्मति से पुष्टि की, जिसके बाद नए एजेंडे पर चर्चा शुरू हुई।

3 सितंबर को होगा मेधावी छात्रों का सम्मान

बैठक में सभासद सिद्धार्थनाथ शुक्ल ने प्रस्ताव रखा कि नगर क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए 3 सितंबर को सम्मान समारोह आयोजित किया जाए। इसमें आईआईटी और नीट में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सदन की सहमति मिली।

तीन स्थानों पर लगेंगे वाटर कूलर

सभासद सदरे आलम ने दुर्गा मंदिर, रामजानकी मंदिर और आजाद नगर के मंगलवाली बाजार में वाटर कूलर लगाने का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना है।

चिउरहां और नेहरू नगर में हाईमास्ट लाइट

सभासद लालजी गुप्ता ने चिउरहां नहर चौराहा और नेहरू नगर दुर्गा मंदिर के पास हाईमास्ट लाइट लगाने का प्रस्ताव रखा। बोर्ड ने प्रस्ताव पर सहमति जताई।

गृहकर-जलकर में राहत, समय पर भुगतान पर 10 फीसदी छूट

बोर्ड बैठक में करदाताओं को राहत देने वाला महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया। वित्तीय वर्ष 2025-26 के गृहकर और जलकर में ब्याज/अधिभार से छूट देने पर सर्वसम्मति बनी।

वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक गृहकर और जलकर जमा करने वाले करदाताओं को 10 प्रतिशत की छूट देने का निर्णय लिया गया।

सड़क और नालियों से हटेगा अतिक्रमण

सभासद जितेंद्र कुमार ने सभी वार्डों में नाली और सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाने का प्रस्ताव रखा। बोर्ड ने नगर क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई कराने पर सहमति जताई।

वर्किंग वुमेन हॉस्टल बनाने का निर्णय

बैठक में नगर पालिका क्षेत्र में सुरक्षित और उपयुक्त स्थान पर वर्किंग वुमेन हॉस्टल बनाने का भी निर्णय लिया गया। इसके लिए शासन से धनराशि प्राप्त कर निर्माण कराने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

नामांतरण के लिए अखबारों में प्रकाशन की व्यवस्था

बोर्ड ने नगर पालिका/नगर पंचायत (निर्धारण सूची में संशोधन और परिवर्धन) मानक उपविधि, 2025 लागू करने का भी निर्णय लिया। इसके तहत नामांतरण के मामलों में कम से कम पांच आवेदनों को एक साथ दो स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित कराया जाएगा।

प्रकाशन के लिए आवेदक से 2,000 रुपये लिए जाएंगे, जबकि इसके अतिरिक्त खर्च का वहन नगर निकाय अपनी निधि से करेगा।

बैठक में सभासद दीपक, ब्रजकिशोर सिंह, जनिता पासवान, जितेंद्र कुमार, गारखनाथ, राजेंद्र गौतम, ऋषिकेश पटेल, दुर्गावती पांडेय, बृजेंद्र पटेल, राहुल पांडेय, सदरे आलम, राणा पटेल, लालजी गुप्ता, सिद्धार्थनाथ शुक्ल, प्रमिला, मुरारी लाल निगम, जगदीश निषाद, अभय जायसवाल, राजीव द्विवेदी और मेवा लाल सहित प्रधान लिपिक बैकुण्ठनाथ यादव तथा नगर पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

News Patch desk

News Patch का डेस्क अनुभवी और समर्पित पत्रकारों की एक टीम है, जो 24×7 सटीक, तेज और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। डेस्क टीम का मुख्य उद्देश्य हर खबर को तथ्यों के साथ परखकर, निष्पक्ष और संतुलित तरीके से प्रस्तुत करना है। डेस्क पर कार्यरत पत्रकारों को विभिन्न बीट्स—जैसे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दे, और ब्रेकिंग न्यूज़—का गहरा अनुभव है। टीम लगातार बदलते न्यूज़ ट्रेंड्स पर नजर रखती है और हर महत्वपूर्ण अपडेट को तुरंत कवर करती है। News Patch Desk की विशेषता उसकी गति और विश्वसनीयता है। टीम आधुनिक डिजिटल टूल्स और मजबूत संपादकीय प्रक्रिया के माध्यम से खबरों की गुणवत्ता बनाए रखती है। हर खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। डेस्क टीम का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि पाठकों को जागरूक और सूचित रखना है, ताकि वे सही जानकारी के आधार पर अपने विचार बना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!