जल जीवन मिशन की परिसंपत्तियों पर रील बनाना पड़ेगा भारी, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित एवं निर्माणाधीन शिरोपरि जलाशयों (ओवरहेड टैंक) और अन्य परियोजना परिसंपत्तियों पर अनधिकृत रूप से चढ़कर वीडियो या सोशल मीडिया रील बनाने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अधिशासी अभियंता, जल निगम (ग्रामीण) ने जनपदवासियों से ऐसे जोखिमपूर्ण कृत्यों से दूर रहने की अपील की है।
जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि जल जीवन मिशन के तहत जनपद के विभिन्न विकास खंडों में ग्रामीण पेयजल योजनाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा कई योजनाओं से नियमित पेयजल आपूर्ति भी की जा रही है। इन योजनाओं के अंतर्गत बने शिरोपरि जलाशय, पंप हाउस और अन्य संरचनाएं महत्वपूर्ण शासकीय परिसंपत्तियां हैं।
विभाग के संज्ञान में आया है कि कुछ लोग इन जलाशयों पर चढ़कर वीडियो और रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। विभाग ने इसे बेहद खतरनाक और असुरक्षित बताते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों से कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। साथ ही इससे शासकीय संपत्तियों की सुरक्षा और परियोजनाओं के सुचारु संचालन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
जल निगम (ग्रामीण) ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में जल जीवन मिशन की परिसंपत्तियों, जैसे शिरोपरि जलाशयों, पंप हाउस एवं उनके परिसर में अनधिकृत प्रवेश न करें और वहां वीडियो या रील बनाने का प्रयास न करें। अभिभावकों से भी आग्रह किया गया है कि वे अपने बच्चों एवं युवाओं को ऐसे जोखिमपूर्ण कार्यों से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।
विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में कोई व्यक्ति योजना परिसर में अनधिकृत प्रवेश करता है, वीडियो या रील बनाता है अथवा शासकीय परिसंपत्तियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।




