बूथ अध्यक्ष सम्मेलन : पार्टी की सफलता मजबूत बूथ पर निर्भर करती है : समीर सिंह

महराजगंज / गांगी बाजार ( न्यूज पैच )। पनियरा विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल में स्थित एक मैरेज हाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन किया। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाना था। मुख्य अतिथियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बूथ अध्यक्षों को संगठन की रीढ़ बताया और आगामी कार्यक्रमों तथा जनसंपर्क अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया ।
वक्ताओं ने जोर दिया कि पार्टी की सफलता एक मजबूत बूथ संगठन पर निर्भर करती है। उन्होंने प्रत्येक बूथ अध्यक्ष से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाने और नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
सम्मेलन में सरल से ई लर्निंग कोर्स पूर्ण करने और प्रमाण पत्र प्राप्त करने का ट्रेनिंग दिया गया। संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण, मतदाता संपर्क और आगामी चुनावों की तैयारियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। सभी बूथ अध्यक्षों ने संगठन को मजबूत करने और प्रत्येक बूथ पर पार्टी की स्थिति को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा उत्तर प्रदेश प्रदेश प्रवक्ता डॉ समीर सिंह रहे वही क्षेत्रीय विधायक ज्ञानेंद्र सिंह , जिला महामंत्री बबलू यादव , ब्लॉक प्रमुख परतावल आनंद शंकर वर्मा, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा सुमित्रा भारती , अंगद गुप्ता , संयोजक प्रेमशंकर उर्फ निर्भय सिंह, वर्तमान एवं पूर्व समस्त मंडल अध्यक्ष भी मौजूद थे ।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ समीर सिंह ने कहा “चुनाव एसी कमरों में बैठकर नहीं, बल्कि पोलिंग बूथ पर जीता जाता है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं को “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” का संकल्प दिलाया और निर्देश दिया कि हर बूथ अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र के प्रत्येक घर तक पहुंचे और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाए।
क्षेत्रीय विधायक ने कहा कि, “पार्टी का हर बूथ अध्यक्ष हमारा मुख्य सेनापति है। यदि हमारी जमीनी नींव मजबूत होगी, तो कोई भी विरोधी ताकत हमें परास्त नहीं कर सकती।” उक्त जानकारी विधायक मीडिया सलाहकार कौशल श्रीवास्तव द्वारा प्राप्त हुई।
इस अवसर पर 476 बूथ अध्यक्षों की शत प्रतिशत उपस्थिती रही, मंडल पदाधिकारियों, जिला पदाधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई ।
औसाफ आलम खां सोनू




