वनटांगिया क्षेत्र को मिलेगी बेहतर सड़क सुविधा, फुरसतपुर बाजार तक इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण के लिए विधायक ने शासन से की पहल

महराजगंज।(न्यूज पैच)। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने वनटांगिया क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य वन संरक्षक ए.पी. सिन्हा को पत्र भेजकर पकड़ी रेंज के अंतर्गत ग्राम बरगदवा राजा स्थित फुरसतपुर बाजार तक इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र स्वीकृति दिलाने का अनुरोध किया है। विधायक का कहना है कि सड़क निर्माण से वनटांगिया क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को वर्षभर बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
विधायक ने अपने पत्र में सहजनवा वन्यजीव प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा 24 अप्रैल 2025 को भेजे गए प्रस्ताव का उल्लेख करते हुए कहा कि यह मामला पहले ही मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव), पूर्वी गोंडा को भेजा जा चुका है। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में 28 अगस्त 2025 को भी शासन को पत्र लिखकर शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया गया था, लेकिन अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। ऐसे में उन्होंने एक बार फिर शासन स्तर पर हस्तक्षेप कर प्रस्ताव को जल्द मंजूरी देने की मांग की है।
जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि प्रदेश सरकार वनटांगिया गांवों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि फुरसतपुर बाजार तक इंटरलॉकिंग सड़क बनने से ग्रामीणों को बरसात के मौसम में कीचड़ और दुर्गम रास्तों की समस्या से राहत मिलेगी तथा बाजार, विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा।
विधायक ने यह भी घोषणा की कि सड़क निर्माण के लिए जो भी अनुमानित लागत (एस्टीमेट) तैयार होगी, उसकी धनराशि विधायक निधि से उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि धनाभाव के कारण यह महत्वपूर्ण परियोजना प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य वनटांगिया परिवारों को भी अन्य क्षेत्रों की तरह सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सड़क निर्माण से स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा, किसानों और ग्रामीणों को परिवहन में सुविधा होगी तथा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर संजीव शुक्ला और राकेश अग्रहरी सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।




