दो माह से लापता युवक का सुराग न मिलने पर व्यापारियों में रोष, संयुक्त व्यापारी मोर्चा ने बुलाई आपात बैठक

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर के स्वर्ण व्यवसायी परिवार से जुड़े युवक के दो माह से लापता होने और अब तक कोई ठोस सुराग न मिलने से व्यापारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इसी मुद्दे को लेकर बुधवार को संयुक्त व्यापारी मोर्चा के कार्यालय पर मोर्चा संयोजक पशुपतिनाथ गुप्त के नेतृत्व में एक आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगर के अनेक व्यापारी प्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में स्वर्ण व्यवसाई राजेश्वर वर्मा के 24 वर्षीय पुत्र अभिषेक वर्मा के रहस्यमय ढंग से गायब होने के मामले पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। बताया गया कि अभिषेक वर्मा करीब दो माह पूर्व बड़हलगंज क्षेत्र से लापता हुए थे, लेकिन इतने लंबे समय के बाद भी पुलिस और प्रशासन के हाथ अब तक कोई ठोस सफलता नहीं लग सकी है।
व्यापारियों ने बैठक में कहा कि युवक की गुमशुदगी का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है और परिवार मानसिक पीड़ा से गुजर रहा है। इसके बावजूद अब तक मामले का खुलासा न होना चिंता का विषय है। वक्ताओं ने प्रशासन से शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई करते हुए युवक की बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 11 जून की शाम 7 बजे नगर के मध्य स्थित श्री दुर्गा मंदिर प्रांगण में नगर के सभी व्यापारी प्रतिनिधियों एवं व्यापार मंडल के सदस्यों की एक बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी तथा आवश्यक होने पर आंदोलन की रूपरेखा भी बनाई जाएगी। व्यापारियों का कहना है कि यह केवल एक परिवार का नहीं बल्कि पूरे व्यापारी समाज की सुरक्षा और विश्वास का प्रश्न बन चुका है।
बैठक में संयुक्त व्यापारी मोर्चा के महामंत्री दामोदर गोयल, उपाध्यक्ष जवाहर मद्धेशिया, संगठन मंत्री श्रवण वर्मा, मंत्री कृष्णा कसौधन, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेंद्र वर्मा, अनिल वर्मा, अच्छे लाल वर्मा, राजेश्वर वर्मा, उदयभान वर्मा तथा मिंटू वर्मा सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सभी व्यापारियों ने एकजुट होकर प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और युवक की शीघ्र बरामदगी की मांग उठाई।




