रंगारंग कार्यक्रमों के बीच मनाया गया मदर्स डे
बच्चों ने नृत्य, संगीत व खेलों के जरिए माताओं को दिया सम्मान, विजेताओं को किया गया पुरस्कृत

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर स्थित आरके सनशाइन एकेडमी, आजाद नगर में रविवार को बड़े ही हर्षोल्लास और रंगारंग कार्यक्रमों के बीच मदर्स डे मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी माताओं के सम्मान में नृत्य, संगीत एवं विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रेया मिश्रा (डीपीआरओ, महराजगंज) एवं विद्यालय की प्रबंधिका व सदर ब्लाक प्रमुख सोनी कश्यप द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा माताओं के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत वेलकम सॉन्ग से हुई। इसके बाद माताओं के लिए आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
अंताक्षरी प्रतियोगिता में समीना खातून ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। “डायलॉग का तड़का” प्रतियोगिता में सौम्या श्रीवास्तव प्रथम एवं फातिमा खातून द्वितीय रहीं। बैलून ब्रस्ट गेम में कहकंशा तबस्सुम, चिक पी गेम में अंजलि, क्वेश्चनिंग स्किल प्रतियोगिता में प्रियंका तथा बिस्किट विद माउथ गेम में आरती ने प्रथम स्थान हासिल किया।
सभी विजेता माताओं को विद्यालय की प्रबंधिका श्रीमती सोनी कश्यप द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि श्रेया मिश्रा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में माता-पिता और बड़ों के प्रति सम्मान एवं आदर की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यालय में बच्चों द्वारा माताओं के पांव पखारने की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि इससे भारतीय संस्कृति और संस्कारों को बढ़ावा मिलता है।
विद्यालय की प्रबंधिका एवं सदर ब्लाक प्रमुख सोनी कश्यप ने सभी माताओं को मदर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां का स्थान जीवन में सर्वोच्च होता है और हमें प्रतिदिन उनका सम्मान करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त स्टाफ क्रमशः यू एस त्रिपाठी, शिवम, सचिन, अरुण, सलीम, विभा, तृप्ति, मनीता, अमृता, दीपशिखा, विजेता ,प्रवीण निषाद,रागिनी, अनुष्का, सलेहा ,सुनीता कनौजिया, रुचिका, रजनी उपाध्याय, समसुद्दीन, कृष्ण गोपाल उपाध्याय, ओमकार, सुचिंद्रम पटेल आदि का विशेष योगदान रहा।
आर्यन श्रीवास्तव




