नेपाल बार्डर पर नशे का धंधा तेज, 11 ग्राम हेरोइन बरामद
नेपाल के काठमांडो, बुटवल समेत अन्य शहरों से तस्करों के नेटवर्क जुटे हैं।

महराजगंज। (न्यूज पैच)। भारत नेपाल सीमा पर नशे का धंधा तेज हो गया है। कभी नशे में प्रयोग होने वाली दवा तो कभी हेरोइन व चरस की बरामदगी होती रहती है। आठ अप्रैल की देर रात शिवा यादव निवासी लक्षमीनगर टोला बैकुंठपुर को नेपाल बार्डर पर 11 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर चालान कर दिया। न्यायालय ने आरोपी को 9 अप्रैल को जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, भारत नेपाल सीमा पर अवैध नशीले पदार्थो की तस्करी के रोकथाम के लिए सख्ती बरती जा रही है। उच्चाधिकारियों के निर्देश के क्रम में थाना सोनौली पुलिस आठ अप्रैल की देर रात्रि भ्रमण के दौरान आरोपी को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। युवक से पूछताछ में कुुछ अहम जानकारी जुटाई गई है। इस पर पुलिस टीम जांच कर रही है। बार्डर क्षेत्र में युवक इस तरह के धंधे में लिप्त हैं। ज्यादातर वे ही गिरफ्तार होते हैं। माना जा रहा है कि कम समय में जल्दी अमीर बनने की लालच में युवक ऐसे धंधे में फंस जा रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि बार्डर क्षेत्र के हरदीडाली, भगवानपुर, बरगदवा, ठूठीबारी, लक्ष्मीपुर, झुलनीपुर समेत अन्य क्षेत्रों से यह धंधा तेजी से हो रहा है। बीते दिनों नशे में प्रयोग के लिए दवाओं की खेप बरामद हुई थी। इसे लेकर बार्डर क्षेत्र में धंधेबाजों में हडकंप मच गया है। इधर हेरोइन भी बरामद हो गई। नेपाल के काठमांडो, बुटवल समेत अन्य शहरों से तस्करों के नेटवर्क जुटे हैं। सूत्रों की मानें तो इनका नेटवर्क इतना मजबूत है की कभी कभार ही गिरफ्त में आते हैं।
नौतनवा क्षेत्राधिकारी अनिरूद्ध कुमार ने बताया की आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। भारत नेपाल सीमा पर कड़ी निगरानी की जा रही है।
————-




