दुष्कर्म की शिकार छह वर्षीय मासूम ने दम तोड़ा
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में गुरुवार की रात में हुआ था ऑपरेशन, शुक्रवार की सुबह 10 मासूम ने तोड़ा दम

महराजगंज।(न्यूज़पैच)। महराजगंज में चौक थाना क्षेत्र के एक गांव में छह साल की बच्ची की शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। मासूम की स्थिति को देखते हुए शुक्रवार की सुबह उसका आपरेशन किया गया। कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया।
बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया था। घटना से क्षेत्र में लोगों में आक्रोश है। माहौल को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
18 नवंबर को गांव में आयोजित मुंडन संस्कार कार्यक्रम में बच्ची अपने मामा के घर आई थी। आरोप है कि रात करीब साढ़े सात बजे खाना बनाने आया युवक उसे बहलाकर घर के पास बगीचे में ले गया और दुष्कर्म किया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पहुंचे परिजनों को देखकर आरोपी फरार हो गया। गंभीर हालत में बच्ची को मिठौरा सीएचसी से जिला अस्पताल और फिर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।
परिजनों की तहरीर पर चौक थाने में बीएनएस की धारा 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5एम/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी छोटेलाल चौधरी उर्फ दिलबहार (33), निवासी मधुबनी बड़का टोला को 19 नवंबर को खजुरिया मोड़, दरहटा से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। थानाध्यक्ष मनीष पटेल ने बताया कि आरोपी को सजा दिलाने के लिए जल्द से जल्द कोर्ट में चार्जशीट दाखिल किया जाएगा।




