विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी: महराजगंज में ईवीएम-वीवीपैट की जांच शुरू
डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने एफएलसी प्रक्रिया का किया निरीक्षण, निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत महराजगंज कलेक्ट्रेट परिसर में ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मंगलवार को जांच प्रक्रिया का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों व अधिकृत अभियंताओं को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मान्यताप्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एफएलसी की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक निर्वाचन से पहले चुनाव में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम और वीवीपैट की जांच संबंधित निर्माता कंपनियों के अधिकृत अभियंताओं द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में की जाती है। निर्धारित मानकों पर खरी उतरने वाली मशीनों को ही निर्वाचन प्रक्रिया में इस्तेमाल के लिए रखा जाता है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के लिए ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच 12 अक्टूबर 2026 से शुरू हुई है और प्रक्रिया पूरी होने तक जारी रहेगी। यह जांच भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) और इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) के अधिकृत अभियंताओं द्वारा की जा रही है। जिला प्रशासन की ओर से एफएलसी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
इससे पहले ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस को निर्धारित प्रक्रिया के तहत वीडियोग्राफी के बीच खोला गया। जांच प्रक्रिया के बाद वेयरहाउस को निर्धारित नियमों के अनुसार बंद किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर मान्यताप्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रतिनिधियों ने पूरी प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, अतिरिक्त उपजिलाधिकारी विजय यादव, अधिशासी अभियंता जल निगम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




