एनएचएम कर्मियों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

सिन्दुरिया,महराजगंज।(न्यूज पैच)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिठौरा के कर्मचारियों ने संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले पांच सूत्रीय मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी उमेश शाही को सौंपा।
मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन में संघर्ष समिति ने एनएचएम कर्मियों के वेतन, नियमितीकरण, रिक्त पदों, सामाजिक सुरक्षा और आउटसोर्स कर्मचारियों से संबंधित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है।
संघर्ष समिति की ओर से 5 अक्टूबर 2026 को विशेष सचिव, पुनर्गठन समन्वय, उत्तर प्रदेश शासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि एनएचएम कर्मचारी प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। लंबे समय से मांगों का समाधान नहीं होने के कारण कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है।
समिति ने एनएचएम कर्मियों के लिए न्यूनतम 18,000 प्रतिमाह वेतन, कार्यावधि, अनुभव एवं वरिष्ठता के आधार पर पारदर्शी वेतन निर्धारण तथा समय-समय पर वेतन वृद्धि की नीति लागू करने की मांग की है। इसके साथ ही लंबे समय से कार्यरत कर्मियों को राज्य आधारित स्वास्थ्य व्यवस्था में समाहित कर नियमित करने की मांग भी उठाई गई है।
अन्य प्रमुख मांगों में एनएचएम के रिक्त पदों को शीघ्र भरना, पारदर्शी स्थानांतरण नीति लागू करना तथा सभी एनएचएम कर्मियों को ईपीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी और स्वास्थ्य बीमा सहित आवश्यक सामाजिक सुरक्षा का लाभ देना शामिल है। आउटसोर्स कर्मियों को सेवा सुरक्षा प्रदान करने और प्रस्तावित आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से नियुक्त कर निगम के लाभ उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है। समिति ने बताया कि मांगों के समर्थन में चरणबद्ध कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके तहत 29 एवं 30 सितंबर को जनपद स्तर पर ज्ञापन कार्यक्रम, 1 अक्टूबर से डिजिटल ट्रैक एवं काला फीता बांधकर कार्य, 5, 6 एवं 7 अक्टूबर को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालयों पर प्रदर्शन तथा 8 अक्टूबर को लखनऊ में एकत्रीकरण प्रस्तावित है। संघर्ष समिति ने शासन से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए समयबद्ध शासनादेश अथवा नीतिगत निर्णय जारी कर समस्याओं का समाधान करने की अपील की है। समिति का कहना है कि मांगों का शीघ्र समाधान होने से कर्मचारियों में व्याप्त असंतोष समाप्त होगा और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित होती रहेंगी। इस अवसर पर डा. आलोक शर्मा, डा. अनीता त्रिपाठी,डा. शाकरून निशा, बीपीएम नवनीत उपाध्याय, शिवेंद्र मिश्रा, सतीश प्रजापति, अमित मिश्रा, यशोदा देवी, मनोज यादव, मोहन चौरसिया एवं ज्योति द्विवेदी सहित तमाम कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रमोद कुमार मौर्य




