एसबीआई ने 2,094 लाभार्थियों को स्वीकृत किए 43.08 करोड़ रुपये के ऋण, वितरित किए स्वीकृति पत्र

महराजगंज।(न्यूज पैच)। विकास भवन सभागार में गुरुवार को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की ओर से विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं प्राथमिकता क्षेत्र ऋण के अंतर्गत लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह (आईएएस) ने लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए।
एसबीआई ने सितंबर 2026 में जनपद के कुल 2,094 लाभार्थियों के लिए 4,307.86 लाख रुपये (लगभग 43.08 करोड़ रुपये) के ऋण स्वीकृत किए हैं। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र सौंपे गए।
योजनावार स्वीकृत ऋण का विवरण
- एग्री गोल्ड लोन के 603 लाभार्थियों को 1,597 लाख रुपये।
- एग्री इंफ्रास्ट्रक्चर फंड के चार लाभार्थियों को 70 लाख रुपये।
- सीएम युवा योजना के 46 लाभार्थियों को 115.72 लाख रुपये।
- शिक्षा ऋण के 13 लाभार्थियों को 105 लाख रुपये।
- किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के 959 लाभार्थियों को 1,184 लाख रुपये।
- एमएसएमई के 42 लाभार्थियों को 605 लाख रुपये।
- प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के 24 लाभार्थियों को 109.35 लाख रुपये।
- पीएम स्वनिधि के 169 लाभार्थियों को 31.69 लाख रुपये।
- अन्य ऋण योजनाओं के 212 लाभार्थियों को 380 लाख रुपये।
मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के माध्यम से लाभार्थियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए भारतीय स्टेट बैंक की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऋण सुविधाओं से कृषि, स्वरोजगार, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) तथा अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बैंक अधिकारियों से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और सुगम तरीके से उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक ज्ञान प्रकाश, सीएम क्रेडिट राजीव कुमार, मुख्य प्रबंधक दिव्या गौड़, मुख्य प्रबंधक एएमसीसी सौरव द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन लीड बैंक मैनेजर भूपेंद्र मिश्र ने किया। अंत में उन्होंने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




