लिटिल फ्लावर स्कूल में मॉक ड्रिल, आपदा से निपटने की तैयारियों को परखा
विद्यार्थियों और स्टाफ को सुरक्षित निकासी व प्राथमिक उपचार का कराया गया अभ्यास

महराजगंज।(न्यूज पैच)। आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार को लिटिल फ्लावर स्कूल में मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) के नेतृत्व में हुए अभ्यास के दौरान विद्यालय में आपात स्थिति उत्पन्न होने की काल्पनिक परिस्थिति तैयार कर विभिन्न विभागों की प्रतिक्रिया और आपसी समन्वय का परीक्षण किया गया।
अभ्यास के दौरान विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को निर्धारित निकासी मार्ग से सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। जरूरत पड़ने पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने का भी अभ्यास कराया गया। तहसीलदार सदर पूरे अभ्यास के दौरान बचाव टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।
अपर जिलाधिकारी ने मॉक ड्रिल का निरीक्षण करते हुए कहा कि आपदा के समय त्वरित और समन्वित कार्रवाई से जनहानि को कम किया जा सकता है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निकासी मार्ग हमेशा सुगम रखने तथा विद्यार्थियों और कर्मचारियों को समय-समय पर आपदा सुरक्षा का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य केवल विभागीय तैयारियों को जांचना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और कर्मचारियों में आपात स्थिति के दौरान सजगता, धैर्य और सुरक्षित व्यवहार विकसित करना भी है।
मॉक ड्रिल में पुलिस, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग की टीमों के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।




