नाले में डूबने से मां और दो बच्चों की मौत, पोस्टमार्टम में हुई पुष्टि
मायके से ससुराल जाते समय बोकड़ा जंगल में हुआ हादसा, पैदल नाला पार करते वक्त पानी में डूबे तीनों

महराजगंज।(न्यूज पैच)। सदर कोतवाली क्षेत्र के बोकड़ा जंगल में नाला पार करते समय एक महिला और उसके दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तीनों की मृत्यु डूबने के कारण होने की पुष्टि हुई है।
पुलिस के अनुसार, पनियरा थाना क्षेत्र के डिंगुरी गांव निवासी पूनम चौहान (45) पत्नी मोहित चौहान अपने सात वर्षीय बेटे सोमनाथ और पांच वर्षीय बेटी सुहानी के साथ मायके से ससुराल ग्राम बीट नर्सरी जा रही थीं। रास्ते में बोकड़ा जंगल स्थित नाले को पैदल पार करते समय तीनों पानी में डूब गए।
घटना की सूचना मृतका के भाई धर्मेंद्र ने 16 सितंबर को दोपहर करीब 1:37 बजे कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों शवों को पानी से बाहर निकलवाया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में परिजनों ने बताया कि पूनम अपने दोनों बच्चों के साथ घरेलू सामान बोरे में लेकर ससुराल जा रही थीं। नाला पार करते समय यह हादसा हुआ। पुलिस को तीनों शवों पर प्रथम दृष्टया किसी तरह के जाहिरा चोट के निशान नहीं मिले।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पूनम और उसके दोनों बच्चों की मौत का कारण डूबना पाया गया है। रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
घटना के बाद मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य बताई गई है।




