पानी में डूबने से मां और दो बच्चों की मौत, पकड़ी जंगल में दर्दनाक हादसे से मचा हड़कंप
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की कार्रवाई

महराजगंज।(न्यूज पैच)। सदर कोतवाली क्षेत्र के पकड़ी जंगल में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में महिला समेत उसके दो बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, पनियरा क्षेत्र के डींगुरी गांव निवासी पूनम (45) पत्नी मोहित अपने सात वर्षीय बेटे विपिन और पांच वर्षीय बेटी सुहानी के साथ जंगल के रास्ते से जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में पानी के पास अचानक उनका पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गईं।
मां को पानी में गिरता देख दोनों बच्चे भी उन्हें बचाने के लिए पानी में उतर गए। इस दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर बचाव का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में ले लिया। सदर कोतवाल धर्मेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे से संबंधित तथ्यों की भी जांच कर रही है।




