फ्लोर मिलों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, आटा और मैदा के नमूने जांच के लिए भेजे गए

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा फ्लोर मिलों की विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य) के.के. उपाध्याय के नेतृत्व में मंगलवार को दो फ्लोर मिलों का निरीक्षण कर आटा और मैदा के नमूने संग्रहित किए गए।
निरीक्षण के दौरान जायसवाल एग्रो इंडस्ट्रीज़ प्रा.लि., मनीकौरा (फरेंदा) से आटा एवं मैदा के नमूने लिए गए। वहीं हिन्दुस्तान फ्लोर मिल, प्रसन्ना (नौतनवा) से गेहूं के आटे का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि सभी नमूनों को निर्धारित विधिक प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मिल संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पूर्ण पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने, गुणवत्ता नियंत्रण सुनिश्चित करने तथा मानक संचालन प्रक्रियाओं का अनुपालन करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह एवं पवन गौड़ शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद में ऐसे विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।




