हज-2027 की तैयारियां शुरू, पासपोर्ट संबंधी जरूरी निर्देश जारी
31 दिसंबर 2027 तक वैध पासपोर्ट अनिवार्य, हस्तलिखित पासपोर्ट नहीं होंगे मान्य

महराजगंज।(न्यूज पैच)। हज-2027 की तैयारियों को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति ने प्रारंभिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी क्रम में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी तन्मय द्वारा जारी विज्ञप्ति में हज यात्रा पर जाने के इच्छुक लोगों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
विज्ञप्ति के अनुसार हज एवं उमराह मंत्रालय, सऊदी अरब सरकार द्वारा हज-2027 (1448 हिजरी) के संबंध में 29 मई 2026 को प्रारंभिक व्यवस्थाओं हेतु दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत हज यात्रा के इच्छुक आवेदकों को अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया है ताकि आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि हज-2027 की आधिकारिक घोषणा शीघ्र किए जाने की संभावना है। ऐसे में इच्छुक हज यात्रियों को अभी से अपने दस्तावेजों को दुरुस्त कराने की सलाह दी गई है।
निर्देशों के अनुसार हज-2027 के लिए केवल मशीन पठित (Machine Readable) पासपोर्ट ही मान्य होंगे। हस्तलिखित पासपोर्ट स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसके अलावा हज आवेदन के लिए पासपोर्ट की वैधता 31 दिसंबर 2027 तक होना अनिवार्य रखा गया है।
विज्ञप्ति में यह भी स्पष्ट किया गया है कि नए पासपोर्ट बनवाते समय आवेदक विशेष रूप से ध्यान रखें कि पासपोर्ट में सरनेम अथवा लास्ट नेम का कॉलम खाली न छोड़ा जाए। यदि पासपोर्ट में यह विवरण अधूरा पाया गया तो आवेदन प्रक्रिया में समस्या उत्पन्न हो सकती है।
जिला प्रशासन की ओर से जनपद के सभी संभावित हज यात्रियों से अपील की गई है कि वे समय रहते अपने पासपोर्ट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों को अपडेट करा लें, ताकि हज आवेदन के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा का सामना न करना पड़े।
हज यात्रा की तैयारियों को लेकर मुस्लिम समाज में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। वहीं प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर लेना यात्रियों के हित में होगा।




