गैलन में तेल न मिलने से आक्रोशित किसानों ने तेल टंकी पर किया रास्ता जाम

घुघली, महराजगंज (न्यूज पैच)। घुघली-सिसवा मुख्य मार्ग पर स्थित मां भगवती किसान सेवा इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप उस समय अफरा तफरी मच गया, जब आक्रोशित किसानों ने मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। किसानों का आरोप है कि पेट्रोल पंप मालिक द्वारा उन्हें गैलन (डब्बों) में डीजल-पेट्रोल देने से साफ मना कर दिया गया, जिससे उनकी खेती-किसानी का काम पूरी तरह ठप होने की कगार पर पहुंच गया है। जिस कारण यह कदम उठाया गया है। चक्का जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, वर्तमान में खेती के सीजन को देखते हुए स्थानीय किसान अपने ट्रैक्टर, पंपसेट और अन्य कृषि उपकरणों के लिए पेट्रोल पंप पर गैलन में डीजल लेने पहुंचे थे। लेकिन पेट्रोल टंकी के कर्मियों ने नियमों का हवाला देते हुए गैलन में तेल देने से इनकार कर दिया। किसानों का कहना है कि वे अपने भारी-भरकम कृषि उपकरणों को हर बार पेट्रोल पंप तक नहीं ला सकते। गैलन में तेल न मिलने से नाराज दर्जनों किसानों ने एकजुट होकर पेट्रोल टंकी के सामने ही घुघली-सिसवा मुख्य मार्ग को घेर लिया और वहीं धरने पर बैठ गए। किसानों की मांग और नाराजगी जाम पर बैठे किसानों ने पेट्रोल पंप प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों का कहना था ।
”एक तरफ सरकार किसानों की आय दोगुनी करने और उन्हें सहूलियत देने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय स्तर पर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। अगर हमें समय पर डीजल नहीं मिलेगा, तो हमारी फसलें बर्बाद हो जाएंगी। मुख्य मार्ग पर चक्का जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
व्यस्त मार्ग होने के कारण दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग चुकी थीं, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस प्रशासन ने आक्रोशित किसानों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया और पेट्रोल पंप मालिक से बातचीत कर बीच का रास्ता निकालने की कोशिश की।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने किसानों को शांत कराते हुए आश्वासन दिया कि उनकी कृषि आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नियमों के दायरे में रहकर उचित समाधान निकाला जाएगा। अधिकारियों के ठोस आश्वासन और तेल आपूर्ति सुचारू कराने के वादे के बाद किसानों ने जाम हटाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। हालांकि, इस दौरान इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
इस संबंध में थानाध्यक्ष घुघली सूरज कुमार ने बताया कि गैलन में तेल न मिलने के कारण किसान आक्रोशित थे जिसके कारण वह सड़क को जाम कर दिए थे । लेकिन उन्हें समझा बुझा कर वापस। भेज दिया गया है।




