सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का देखा सीधा प्रसारण
गुरु गोरक्षनाथ मंदिर परिसर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का हुआ आयोजन। महिलाओं ने निकाली कैलाश यात्रा, श्रद्धालुओं ने किया रुद्राभिषेक। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी सहित वरिष्ठ अधिकारियों और आमजन ने सोमनाथ से देखा मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण। जनपद के विभिन्न मंदिरों में आयोजित हुए धार्मिक–सांस्कृतिक कार्यक्रम। समस्त शिवालयों पर चला स्वच्छता अभियान।

महराजगंज।(न्यूज पैच)। आज ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अंतर्गत जनपद में विभिन्न शिवालयों पर भव्य धार्मिक–सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम का आयोजन चौक स्थित गुरु गोरक्षनाथ मंदिर पर किया गया। मुख्य कार्यक्रम के अंतर्गत नगर पंचायत चौक से गुरु गोरक्षनाथ मंदिर स्थित शिवालय तक कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं और आमजन सम्मिलित हुए।
कलश यात्रा के उपरांत परियोजना निदेशक श्री रामदरश चौधरी, जिला पंचायत राज अधिकारी सुश्री श्रेया मिश्रा और जिला सूचना अधिकारी सहित श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक किया। साथ ही गुजरात के सोमनाथ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। कार्यक्रम के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में सोमनाथ संवाद का आयोजन किया गया। संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत की आस्था, संस्कृति और संघर्ष की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि सोमनाथ मंदिर हजारों वर्षों से भारतीय सभ्यता को शक्ति, आत्मविश्वास और एकता का संदेश देता रहा है। धर्म स्थल सिर्फ धार्मिक कर्मकांड के केंद्र नहीं होते हैं, बल्कि ये किसी समाज की आध्यात्मिक चेतना और गौरवशाली संस्कृति के भी प्रतीक होते हैं। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत की इस गौरवशाली विरासत से आधुनिक पीढ़ी को रूबरू कराने का माध्यम है।
सोमनाथ पर्व के अंतर्गत जनपद के सभी शिवालयों पर पूजन–अर्चन, मंत्रोच्चार, रुद्राभिषेक आदि का आयोजन किया गया। सभी शिवालयों पर विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
गुजरात के प्रभास पाटन स्थित विश्वविख्यात सोमनाथ मंदिर को द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रथम माना जाता है। आज सोमनाथ मंदिर में मा. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूजन अर्चन किया गया और उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित किया गया। इसी कार्यक्रम की कड़ी में वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में महामहिम राज्यपाल महोदया और मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा प्रतिभाग किया गया।
प्रमोद मौर्य




