नेपाल से कद्दू बीज की तस्करी, ट्रैक्टर समेत 98 बोरी बरामद
नवलपरासी जिले से लाया गया था कद्दू के बीज, मोटा मुनाफा के चक्कर में सरहद पार कर रहे तस्कर

महराजगंज। (न्यूज पैच)। नेपाल से सस्ते में कद्दू के बीज भारतीय क्षेत्र के लाकर तस्कर मोटा मुनाफा कमा रहे हैं। सोमवार सुबह सात बजे ठूठीबारी सीमा क्षेत्र में ट्रैक्टर पर लदा 98 बोरी कद्दू का बीज एसएसबी ने बरामद कर आरोपी समेत पुलिस के हवाले का दिया। आरोपी युवक नेपाल का रहने वाला है।
जानकारी के अनुसार, अनिल यादव निवासी गोइनी थाना गोबररहिया जिला नवल परासी नेपाल राष्ट्र के कब्जे से 98 बोरी कद्दू बीज व ट्रैक्टर बरामद किया गया। इसे पुलिस को सौंप दिया गया। ठूठीबारी थाने में आरोपी के खिलाफ कस्टम एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर चालान कर दिया गया। नेपाल के करीब 500 से 600 रुपये प्रति किलो बिकने वाला कद्दू का बीज भारतीय क्षेत्र में आते ही 900 रुपये प्रति किलो बिक जाता है। इससे तस्करों को मोटा मुनाफा होता है।
कस्टम ड्यूटी अधिक होने के कारण इसकी तस्करी होती है। कद्दू के बीजों की मांग इनके औषधीय गुणों के कारण अधिक होती है। इस वजह से पडंड़ियों से होकर इसे भारतीय क्षेत्र में कैरियर पहुंचा देते हैं। जानकार बताते हैं कि कद्दू के बीजों की मांग इनके औषधीय गुणों (हृदय, लीवर और प्रोस्टेट स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद) के कारण बढ़ रही है। नेपाल से कम कीमत पर लाकर इन्हें भारतीय बड़े शहरों में ऊंचे मुनाफे पर बेचा जाता है।
नेपाल से कद्दू का बीज दिल्ली तक पहुंचाया जा रहा है। बीते दिन की बरामद कद्दू बीज के जांच में यह जानकारी मिली है। भारत में आयात शुल्क अधिक है होने के कारण इसे अमेरिका से नेपाल में इम्पोर्ट कर फिर भारत में पगडंडियों के रास्ते मंगाया जाता है। दूसरे भारतीय रुपये के मुकाबले नेपाली मुद्रा सस्ती होने का कारण दामों में बहुत फर्क आ जाता है। सीमावर्ती गांवों में बने गोदामों में डंप कर वाहनों से इसे भारत के महानगरों में भेजा जाता है। स्थान नहीं मिलने पर धंधेबाज इसे गन्ने के खेत में छिपा देते हैं।
तस्कर सरहद पर बेरोजगार युवाओं को धन का लालच देकर तस्करी कराते हैं। साइकिल और बाइक से भारत से नेपाल और नेपाल से भारत के सीमावर्ती क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए कैरिंग चार्ज के रूप में 500 से 1000 रुपये मिल जाते हैं। सोनौली थाना क्षेत्र के श्याम काट ,सियरहिया, लक्ष्मीनगर, भगवानपुर, मदरी, निपानिया, सेवतरी, खनुआ, डाली, जोगियाबारी, छपवा, सम्पतिहा, बरगदवा क्षेत्र से कैरियर भारतीय सीमा क्षेत्र में आते हैं। प्रतिबंधित कद्दू का बीज भारत में आ रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि कद्दू बीज बरामदगी के मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर चालान कर दिया गया। सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा कर्मियों की ओर से कड़ी निगरानी की जा रही है।
सुनील कुमार श्रीवास्तव




