होमगार्ड परीक्षा के दृष्टिगत डीएम ने परीक्षा केन्द्रो का किया स्थलीय निरीक्षण, सुरक्षा व गोपनीयता के मानको के पालन का दिया दिशा निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा द्वारा आगामी 25, 26 एवं 27 अप्रैल को प्रस्तावित उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट 2025 परीक्षा के दृष्टिगत जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेना तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से सुनिश्चित कराना रहा।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान जीजीआईसी धनेवा धनेई एवं जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों, कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम तथा परीक्षार्थियों के लिए बनाए गए जांच स्थलों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों पर सुरक्षा एवं गोपनीयता के मानकों के पालन पर विशेष बल देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए सभी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि क्लॉक रूम की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त एवं सुविधाजनक फर्नीचर, साफ-सुथरे शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित प्रबंध किया जाए, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश व्यवस्था एवं परीक्षार्थियों की जांच प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कंट्रोल रूम एवं स्ट्रांग रूम की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन करते हुए सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, जिसके लिए सभी अधिकारी सजग एवं जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि यह परीक्षा 25, 26 एवं 27 अप्रैल को कुल 06 पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली में 4320 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे, जबकि कुल 25,920 परीक्षार्थी इस परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे। जनपद में कुल 11 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां परीक्षा का आयोजन संपन्न कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, प्राचार्य जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज डॉ. अजय मिश्रा, प्रधानाचार्य जीजीआईसी धनेवा धनेई सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




