पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज में बाल मेले की धूम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खेलों में बच्चों ने दिखाया हुनर

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर स्थित पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज में सोमवार को बाल मेले का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नृत्य और मनोरंजक खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मेले में बच्चों द्वारा लगाए गए चटपटे व्यंजनों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रोफेसर वशिष्ठ नारायण पाण्डेय व अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद छात्रा मंतशा व उनकी टीम ने गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों को शॉल, बुके और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया, जबकि प्रधानाचार्य डॉ. शैलेंद्र प्रताप सिंह ने स्वागत भाषण दिया।
सांस्कृतिक सत्र में अंशिका वर्मा ने ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ और मंतशा ने ‘घर मोरे परदेसिया’ गीत पर एकल नृत्य पेश कर खूब तालियां बटोरीं। वहीं, केजी ग्रुप के नन्हे बच्चों और जूनियर वर्ग की छात्राओं ने आकर्षक समूह नृत्य से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
मनोरंजक खेलों में नन्हे प्रतिभागियों ने दिखाया उत्साह
मेले में कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों के लिए बैलून बैलेंस, फ्रॉग जंप, सैक रेस और म्यूजिकल चेयर जैसी रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रो. वशिष्ठ नारायण पाण्डेय ने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों का सर्वांगीण विकास होता है। विद्यालय के अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह ने बाल मेले को बच्चों की छिपी प्रतिभा निखारने का सशक्त मंच बताया। इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक विजय बहादुर सिंह और विशिष्ट अतिथि डॉ. हरि प्रकाश शर्मा ने भी बच्चों की रचनात्मकता और आत्मविश्वास की सराहना की।




