महराजगंज जिला कारागार का डीएम और एसपी ने किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने रविवार को जिला कारागार महराजगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, परिसर की निगरानी तथा निर्धारित नियमों और मानकों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कारागार परिसर में सुरक्षा के दृष्टिगत जांच की गई। इस दौरान कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। अधिकारियों ने कारागार प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति सतर्कता बरतने और नियमित रूप से जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए।
डीएम और एसपी ने कारागार परिसर में अनुशासन एवं निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही बंदियों को नियमानुसार आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
अधिकारियों ने कहा कि कारागार की सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखना प्राथमिकता है। इसके लिए निर्धारित नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कारागार में सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण बना रहे।




