सेवानिवृत्ति पर डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा को भावभीनी विदाई, सम्मान समारोह में छलका स्नेह
शिक्षकों, स्काउट-गाइड पदाधिकारियों और विद्यार्थियों ने स्मृति चिह्न व अंगवस्त्र भेंटकर किया सम्मानित, भावुक हुए शर्मा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिला विद्यालय निरीक्षक एवं भारत स्काउट-गाइड उत्तर प्रदेश की जिला संस्था के मुख्यायुक्त प्रदीप कुमार शर्मा के सेवानिवृत्त होने पर एक्सीलेंस लाइब्रेरी एंड कोचिंग सेंटर और भारत स्काउट-गाइड जिला संस्था महराजगंज के संयुक्त तत्वावधान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षकों, स्काउट-गाइड पदाधिकारियों, विद्यार्थियों और गणमान्य लोगों ने उन्हें स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और सफल सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्रदीप कुमार शर्मा ने सरकारी सेवा के दौरान शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ विद्यार्थियों और युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सरल व्यवहार, मार्गदर्शन और विद्यार्थियों के प्रति आत्मीयता को याद करते हुए लोगों ने उनके योगदान की सराहना की।
भारत स्काउट-गाइड के जिला सचिव ने कहा कि शर्मा का कार्यकाल संस्था के लिए मार्गदर्शन और प्रेरणा से परिपूर्ण रहा। उन्होंने स्काउटिंग गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ युवाओं में अनुशासन, सेवा और नेतृत्व की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया। उनके अनुभव और मार्गदर्शन की कमी संस्था को हमेशा महसूस होगी।
सेवानिवृत्त डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा ने भावुक होते हुए कहा कि सरकारी सेवा की एक निर्धारित अवधि होती है, लेकिन विद्यार्थियों और समाज से जुड़ा रिश्ता कभी समाप्त नहीं होता। बच्चों के बीच बिताया गया समय उनके सेवाकाल की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
एक्सीलेंस लाइब्रेरी के निदेशक अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदीप कुमार शर्मा का लाइब्रेरी और विद्यार्थियों से विशेष आत्मीय जुड़ाव रहा। संस्था के शुभारंभ से लेकर विभिन्न शैक्षिक एवं प्रेरणात्मक कार्यक्रमों तक उन्होंने निरंतर मार्गदर्शन दिया। विद्यार्थियों के लिए उनका प्रोत्साहन हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सरकारी पद से होती है, लेकिन अच्छे व्यक्तित्व का प्रभाव और दिए गए संस्कार कभी सेवानिवृत्त नहीं होते।
कार्यक्रम का संचालन उमेश गुप्ता ने किया। रॉशनी और सोनी रौनियार ने विदाई गीत प्रस्तुत किया, जिसने समारोह में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रदीप कुमार शर्मा ने बच्चों के साथ काफी समय बिताया और उन्हें स्नेहपूर्वक दुलार किया।
समारोह के समापन पर विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंटकर उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर शशांक गुप्ता, नीलम त्रिपाठी, सुश्री मौषम, दीनदयाल शर्मा, समशाद अंसारी, विनय यादव, हरिकेश कुमार, अजय सैनी सहित स्काउट-गाइड के पदाधिकारी, लाइब्रेरी के विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




