अतिवृष्टि के दृष्टिगत डीएम व एसपी ने प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण
गेड़हवा में ग्रामीणों से संवाद कर हरसंभव सहायता का दिया भरोसा, कम्युनिटी किचन, राशन किट और अन्य जरूरी इंतजाम करने के दिए निर्देश

महराजगंज, 27 सितंबर 2026, पिछले चार दिनों से हो रही अतिवृष्टि के दृष्टिगत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने रविवार को जनपद के बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने सबसे पहले टेल फाल पहुंचकर नारायणी नदी के जलस्तर एवं आसपास के क्षेत्रों की स्थिति का निरीक्षण किया।
गण्डक बैराज से लगभग 4 लाख 16 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण नारायणी नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। इसके चलते कुछ क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हुए हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निचलौल तहसील के गेड़हवा गांव पहुंचकर बाढ़ जैसे हालात का सामना कर रहे ग्रामीणों से संवाद किया। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उनकी सहायता के लिए पूरी तरह तत्पर है और किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी। गेड़हवा गांव में लगभग 3500 लोग अतिवृष्टि के कारण उत्पन्न बाढ़ जैसे हालात से प्रभावित हैं।

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी निचलौल को निर्देशित किया कि सभी प्रभावित ग्रामीणों को राशन किट उपलब्ध कराई जाए तथा तत्काल कम्युनिटी किचन शुरू कराया जाए, जिससे प्रभावित परिवारों को भोजन की समस्या न हो। साथ ही उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में मोबाइल मेडिकल यूनिट स्थापित कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पशुओं की सुरक्षा को भी प्राथमिकता देते हुए पृथक सुरक्षित स्थल चिन्हित करने तथा वहां भूसा एवं चारे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी बाढ़ जैसे हालात हैं, वहां प्रशासनिक टीमें सक्रिय रहें और राहत एवं बचाव से संबंधित सभी आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस विभाग एवं अन्य क्विक रिस्पांस टीमों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित नागरिकों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ प्रशांत कुमार, उपजिलाधिकारी निचलौल अवनीश त्रिपाठी, तहसीलदार निचलौल अमित सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




