रक्तदान से दीपोत्सव तक, कल से शुरू होगा महराजगंज में सेवा संकल्प अभियान
17 सितंबर को जिलेभर में होंगे सेवा, संवेदना, श्रमिक सम्मान और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम

महराजगंज।(न्यूज पैच)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के अवसर पर महराजगंज में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत होगी। अभियान के पहले दिन रक्तदान शिविर, मरीजों को फल वितरण, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को टूल किट वितरण और शाम को दीपोत्सव समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाना है।
अभियान की शुरुआत पूर्वाह्न 11 बजे जिला अस्पताल सहित जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में रक्तदान शिविरों से होगी। जनप्रतिनिधि इन कार्यक्रमों में शामिल होकर लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करेंगे। इसके बाद जिला अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे।
अपराह्न 3:30 बजे विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को टूल किट बांटी जाएगी। कार्यक्रम में लखनऊ से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
अभियान का प्रमुख कार्यक्रम शाम 7 बजे दीपोत्सव के रूप में होगा। सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक भवनों, नदी घाटों, मंदिरों और प्रमुख विकास एवं पर्यटन स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। योजनाओं के लाभार्थियों से भी अपने घरों पर दीप जलाकर अभियान में सहभागिता की अपील की गई है।
जिला प्रशासन के अनुसार दीपोत्सव के लिए 6.30 लाख से अधिक दीपों की व्यवस्था की गई है। ग्राम पंचायत स्तर तक डुग्गी-मुनादी के माध्यम से लोगों को दीप प्रज्ज्वलन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रशासन का अनुमान है कि जनभागीदारी से जिले में कुल आठ लाख से अधिक दीप जलाए जा सकते हैं।
अभियान के पहले दिन सेवा, संवेदना, श्रमिक सम्मान और जनभागीदारी को केंद्र में रखते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।




