2 दिन पूर्व लापता हुए वृद्ध का शव गांव के बगल में स्थित पोखरे में मिला

घुघली, महराजगंज।(न्यूज पैच)। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा ढेकहीं निवासी भोजई पुत्र रामदिहल कन्नौजिया 70 वर्ष का शव गुरुवार की सुबह गांव के बगल में स्थित पोखरी में मिला। मृतक का शव पोखरे में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। परिजन पिछले दो दिन से मृतक भोजई का खोजबीन कर रहे थे। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक मंगलवार की रात में नित्य की भांति भोजन करके सो गए थे। आधी रात को उन्हें प्यास लगी पुत्र नवरत्न कन्नौजिया ने आधी रात को पिता को पानी पिलाया। और पुनः दोनों लोग सो गए। सुबह होने पर मृतक भोजई घर पर नहीं थे परिजन काफी खोजबीन करने लगे परंतु वे नहीं मिले। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने मृतक भोजई का शव गांव के बगल में पोखरी में उतराता देख शोर मचाया। मृतक को देखने के लिए गांव से सैकड़ों की संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई।
परिजनों के मुताबिक मृतक का पिछले कुछ दिनों से मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। घुघली पुलिस मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।




