विवेक वर्मा बने उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के संयुक्त सचिव

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नवजीवन कबड्डी अकादमी, महराजगंज के खिलाड़ी एवं जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव विवेक वर्मा को उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन का संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अयोध्या के पूर्व सांसद के पुत्र विकास सिंह ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।
विवेक वर्मा लंबे समय से कबड्डी खेल के प्रति समर्पित हैं। खिलाड़ी के रूप में सक्रिय रहने के साथ ही उन्होंने जिले में कबड्डी को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। उनके प्रदेश स्तरीय संगठन में संयुक्त सचिव बनाए जाने से महराजगंज के कबड्डी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खुशी है।
जिला कबड्डी एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि विवेक वर्मा के अनुभव और सक्रियता से उत्तर प्रदेश में कबड्डी संगठन को नई गति मिलेगी। साथ ही महराजगंज जनपद में कबड्डी खेल के विकास, प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने तथा खिलाड़ियों को प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अवसर दिलाने में भी मदद मिलेगी।
विवेक वर्मा ने कहा, “उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, उसके लिए मैं संगठन के अध्यक्ष एवं सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करता हूं। मेरा प्रयास रहेगा कि पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस जिम्मेदारी का निर्वहन करूं। महराजगंज सहित पूरे प्रदेश की कबड्डी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खेल को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करूंगा।”
विवेक वर्मा की नियुक्ति पर महराजगंज जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ नाथ शुक्ला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. शांति शरण मिश्रा, कोषाध्यक्ष डॉ. शिवानंद सिंह, संयुक्त सचिव हीरामन चौरसिया तथा निर्णायक एनुद्दीन सिद्दीकी, नसरुद्दीन सिद्दीकी, कमरुद्दीन सिद्दीकी सहित अन्य पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामना दी।




