महराजगंज में हजारों लोगों ने निकाली तिरंगा यात्रा
शहीद स्थल से शुरू हुई यात्रा, शिब्बन लाल सक्सेना की प्रतिमा पर पुष्पांजलि के बाद दुर्गा मंदिर पर हुआ समापन

महराजगंज।(न्यूज पैच)। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को सदर ब्लॉक परिसर स्थित शहीद स्थल से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों की संख्या में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया। जनप्रतिनिधियों, छात्रों, युवाओं और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं की भागीदारी से पूरा माहौल देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ जिले के प्रभारी एवं विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, पूर्व विधायक चौधरी शिवेंद्र सिंह, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, जिला प्रभारी राम जियावन मौर्य और जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने शहीद स्थल पर पुष्प अर्पित कर किया।

शहीदों को नमन कर आगे बढ़ी यात्रा
शहीद स्थल से शुरू हुई तिरंगा यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए सक्सेना तिराहे पहुंची। यहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रोफेसर शिब्बन लाल सक्सेना को पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया गया। इसके बाद यात्रा दुर्गा मंदिर पहुंची, जहां पूजन के साथ इसका समापन हुआ।
यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। रास्ते में लोगों ने भी यात्रा के प्रति उत्साह दिखाया।
‘तिरंगा केवल कपड़ा नहीं, देश की आन-बान-शान का प्रतीक’
मुख्य अतिथि मुकेश शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल तीन रंगों का कपड़ा नहीं, बल्कि भारत की आन, बान, शान, एकता और अखंडता का प्रतीक है। तिरंगा स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के त्याग एवं बलिदान की याद दिलाता है।

उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने राष्ट्रीय ध्वज को प्रत्येक देशवासी के सम्मान और गौरव से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों, संस्थानों और प्रतिष्ठानों पर सम्मान के साथ तिरंगा फहराने तथा अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
अपने संबोधन में उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान के बजाय राजनीति करते हैं। उन्होंने नई पीढ़ी से अमर क्रांतिकारियों के बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत
पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान और शान का प्रतीक है। इसके प्रति सम्मान प्रत्येक भारतीय के भीतर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है।
सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य ज्ञात-अज्ञात वीरों के त्याग, तपस्या और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के योगदान को याद करने के साथ उनकी संघर्षगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी समाज की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में स्वतंत्रता आंदोलन के सेनानियों और शहीदों के योगदान को सम्मान देने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान
भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया जा रहा है कि राष्ट्र के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके त्याग से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि तिरंगा विविधताओं के बावजूद देशवासियों को एकता के सूत्र में बांधता है। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा
इस अवसर पर राम जियावन मौर्य, बजरंग बहादुर सिंह, चौधरी शिवेंद्र सिंह, इंजी. विवेक गुप्ता, ओम प्रकाश जायसवाल, राम हरख गुप्ता, संतोष जायसवाल, अजय मधेशिया और उमेश जायसवाल सहित अन्य लोगों ने भी विचार रखे।
तिरंगा यात्रा में पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी, परदेसी रविदास, वरिष्ठ नेता अजय कुमार श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह, शैलेश पांडेय, सरोज पांडेय, डॉ. फरीदा ईरम, जिला महामंत्री एवं यात्रा संयोजक बबलू यादव, सह संयोजक प्रभाकर द्विवेदी, मधुर सिंह, जिला मंत्री बैजनाथ पटेल, दिनेश जायसवाल, ठाकुर रौनियार, जिला कोषाध्यक्ष आकाश गुप्ता, वरिष्ठ नेता राजेंद्र पटेल, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष कमलेश जायसवाल, वंदना तिवारी, सुमित्रा भारती, शुभलक्ष्मी सिंह, मंडल अध्यक्ष हेमंत गुप्ता, टाइगर तिवारी, अशोक पटेल, विजय गौड़, गोविंद जायसवाल, आकाश श्रीवास्तव सहित हजारों लोग शामिल रहे।
तिरंगा यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।




