निर्माणाधीन पोखरे में डूबने से तीन मासूमों की मौत, सिसवा क्षेत्र में पसरा मातम

सिसवा बाजार, महराजगंज।(न्यूज पैच)। महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र के मीराबाई नगर (पोखरा टोला) में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन पोखरे में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, गांव के राजबीर (13), नीतीश यादव (14), रोहन (13) और कृष्णा रौनियार (15) निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए थे। नहाने के दौरान अचानक नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। यह देख उनके साथ मौजूद राजबीर घबरा गया और दौड़कर गांव पहुंचा, जहां उसने परिजनों और ग्रामीणों को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस, स्थानीय ग्रामीण और गोताखोर मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद तीनों बच्चों को पोखरे से बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष कोठीभार अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने निर्माणाधीन और गहरे जलाशयों के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




