दो बाईकों की आमने सामने भिड़ंत, दो की मौत एक घायल

सिन्दुरिया, महराजगंज।(न्यूज पैच)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्रामसभा परसामीर में स्थित नेशनल हाईवे 730 एस सिन्दुरिया – निचलौल मार्ग पर शनिवार को देर शाम 8 बजे दो बाइकों में आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गयी। इस भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते सिन्दुरिया पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को ग्रामीणों के सहयोग से एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया।
जनपद के सिन्दुरिया थाना क्षेत्र के ग्रामसभा पतरेंगवा टोला शीतलापुर निवासी 22 वर्षीय वीरेंद्र पुत्र हरिकेश अपने गांव के ही साथी 23 वर्षीय गोलू उर्फ शेषनाथ पुत्र रामचंदर के साथ शनिवार की देर शाम करीब 8 बजे मिठौरा से सिन्दुरिया की ओर आ रहे थे। अभी दोनों ग्रामसभा परसामीर गेट के दक्षिण तक पहुंचे थे, उसी कुइया कंचनपुर से जमुई पंडित जा रहे कुइया कंचनपुर निवासी 25 वर्षीय विष्णु पुत्र छेदी विश्वकर्मा की बाईक में आमने सामने जोरदार भिड़ंत हो गयी और दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये । राहगीरों की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंचे सिन्दुरिया थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने पुलिसकर्मियों के सहयोग से 108 एंबुलेंस से तीनों घायलों को जिला अस्पताल भेजवाए। जहां पर डॉक्टर ने पतरेंगवा टोला शीतलपुर निवासी गोलू उर्फ शेषनाथ पुत्र रामचंद्र एवं कुइयां कंचनपुर निवासी विष्णु पुत्र छेदी विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल वीरेंद्र पुत्र हरिकेश को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। इस संबंध में सिन्दुरिया थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया गया, जहां पर दो युवकों की मौत हो गयी जबकि एक युवक को डाक्टरो ने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है। मृत युवकों के शव को पीएम कराया जा रहा है। परिजनों द्वारा तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।




